जामताड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा की पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष स्वर्गीय पार्वती मरांडी की 16वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को मिहिजाम के बादोलीगढ़ स्थित उनके आवास पर श्रद्धा, सम्मान और संवेदनाओं के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, महिला मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके संगठनात्मक योगदान को स्मरण किया।झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि पार्वती मरांडी जामताड़ा जिले की महिला मोर्चा की पहली जिला अध्यक्ष थीं, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में संगठन को मजबूती प्रदान की। उनका जीवन संघर्ष, निष्ठा और समर्पण का प्रतीक रहा है।केंद्रीय समिति सदस्य सह जिला उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश प्रसाद साव, वरिष्ठ नेता रविंद्र नाथ दुबे, अशोक मंडल, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष सगीर खान तथा मदन मरांडी ने कहा कि पार्टी की आज की सशक्त नींव में स्वर्गीय मरांडी की भूमिका अमिट है।महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मेरी मरांडी ने कहा कि जिले में महिलाओं को राजनीतिक रूप से जागरूक कर पार्टी से जोड़ने की शुरुआत पार्वती मरांडी ने की थी, जिसकी गूंज आज भी संगठन में दिखाई देती है।कार्यक्रम में महिला मोर्चा उपाध्यक्ष मखुनी हेंब्रम, मिहिजाम नगर अध्यक्ष बंटू आइजक, महेंद्र टुडू, गुरु हाड़म रेणु मुर्मू, मनोदी हेंब्रम, कविता हेंब्रम, सुमित्रा मुर्मू, अंजली, सुमिता, कलावती हेंब्रम, अलादी सोरेन, शकुंतला मुर्मू, सुषमा हेंब्रम, भवानी मरांडी, मालूती मुर्मू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकमत से कहा कि पार्टी स्वर्गीय पार्वती मरांडी के त्याग और संघर्ष को सदैव स्मरण रखेगी।
पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि: झामुमो ने याद किया पार्वती मरांडी का संघर्षपूर्ण सफर
