जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत झरनापाड़ा बाइपास के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक आवासीय मकान से जा टकराई। इस दुर्घटना में मकान और कार दोनों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि एक साइकिल सवार समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार देवघर से पूजा-अर्चना कर जामताड़ा बाइपास होते हुए आसनसोल की ओर जा रही थी। इसी दौरान मिहिजाम-जामताड़ा बाइपास के झरनापाड़ा इलाके में चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे एक घर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और पास लगा बिजली का पोल भी टूट गया।घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेजा। घायलों में एक साइकिल सवार भी शामिल है, जो हादसे के वक्त सड़क से गुजर रहा था।इस संबंध में मकान मालिक पीतांबर बास्की ने बताया कि कार ने उनके घर में जोरदार टक्कर मारी, जिससे मकान को काफी क्षति पहुंची है। वहीं मौके पर पहुंचे एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम नहीं टूटा था।
झरनापाड़ा बाइपास पर तेज रफ्तार कार का कहर, मकान में घुसी गाड़ी, तीन घायल
