एनएच-419 पर भीषण सड़क हादसा: तंदूरी चाय दुकान के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर

मिहिजाम। मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-419 पर बुधवार देर रात करीब 11 बजे के आसपास तंदूरी चाय दुकान के समीप दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार जामताड़ा की ओर जा रही ट्रक (जेएच 10 सीडब्ल्यू 1363) को रूपनारायणपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक (बीआर 11 जीसी 4364), जिसमें धान लदा हुआ था, ने सामने से जामताड़ा जा रही ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर से पहले उक्त ट्रक ने रूपनारायणपुर की ओर जा रही पिकअप 710 गोल्ड (डब्ल्यूबी 31 एबी 0714) को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे पिकअप का चालक शीशा तोड़कर सड़क पर गिर पड़ा और उसे हल्की चोटें आईं।हादसे के दौरान एक स्थानीय मोटरसाइकिल सवार भी वहां से गुजर रहा था, जो बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद एनएच-419 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। खबर लिखे जाने तक जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का कार्य जारी था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *