मिहिजाम। मिहिजाम के शैक्षणिक संस्थानों में बुधवार को विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की विशेष संरक्षक डॉ. पूनम माला कोण्डई ने प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, बेसिक स्कूल तथा प्राथमिक विद्यालय आम बागान का निरीक्षण किया। उनके आगमन का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता तथा समग्र विकास की स्थिति का आकलन करना था।निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आम बागान स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का भी जायजा लिया। इस दौरान बच्चों से पढ़ाई, अधिकारों और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ संतोषजनक उत्तर दिया। आंगनवाड़ी केंद्र में एक लाभुक की गोद भराई की पारंपरिक रस्म भी संपन्न कराई गई, जिससे कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार की झलक दिखाई दी।प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय परिसर में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का गरिमामय स्वागत किया गया। स्वागत गान से कार्यक्रम की शुरुआत हुई और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान प्रकट किया गया। अपने संबोधन में डॉ. कोण्डई ने पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम के प्रेरणादायक विचारों को साझा करते हुए बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को हम होंगे कामयाब गीत सामूहिक रूप से गाने के लिए भी उत्साहित किया, जिससे वातावरण प्रेरणादायी बन गया।इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ तथा जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ मानवाधिकार जागरूकता को भी नई दिशा देने का संदेश दिया।
मिहिजाम के विद्यालयों में मानवाधिकार जागरूकता की अलख, डॉ. पूनम माला कोण्डई ने किया निरीक्षण
