जामताड़ा में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़: हत्या-डकैती में शामिल 7 अपराधी धराए, हथियार बरामद

जामताड़ा। जामताड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। हत्या, डकैती, लूट और अपहरण जैसी गंभीर वारदातों में शामिल सात बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से तीन देसी पिस्टल, 9 एमएम की चार जिंदा गोलियां, एक लोडेड मैगजीन, मोबाइल फोन तथा अपराध में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने प्रेस वार्ता में दी।एसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य लंबे समय से विभिन्न थाना क्षेत्रों में संगीन घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। विशेष जांच दल का गठन एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में किया गया, जिसके बाद ताबड़तोड़ छापेमारी कर पांच आरोपियों को पहले दबोचा गया। गिरफ्तार अपराधियों में आसिफ अंसारी, हारुन अंसारी, इजराफिल अंसारी, समसुल अंसारी और सफाउल अंसारी शामिल हैं। बाद में उनकी निशानदेही पर साइबर अपराध से जुड़े एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया।जांच में खुलासा हुआ कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर मोड़ पर 22 फरवरी 2026 को फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या इसी गिरोह ने की थी। पुलिस के अनुसार, मृतक ओडिशा में हुई आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को देता था, इसी कारण उसकी सुपारी देकर हत्या कराई गई। प्रत्येक आरोपी को एक-एक लाख रुपये देने की बात सामने आई है।इसके अलावा कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से लूट और अन्य वारदातों में भी गिरोह की संलिप्तता पाई गई है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस अन्य राज्यों से समन्वय कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *