जामताड़ा। आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सदर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने की, जबकि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विकास आनंद लागूरी बैठक में विशेष रूप से मौजूद रहे।बैठक में पूजा पंडालों की व्यवस्था, प्रतिमा स्थापना व विसर्जन प्रक्रिया, यातायात नियंत्रण तथा विधि व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे तय नियमों और प्रशासनिक दिशा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, ताकि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।मीडिया से बातचीत में एसडीपीओ विकास आनंद ने कहा कि इस बार डीजे संचालन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। सभी डीजे संचालकों को समय सीमा से संबंधित लिखित सूचना दी जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि निर्धारित समय के बाद कहीं डीजे बजता सुनाई दे, तो तुरंत 100 नंबर पर सूचना दें, जिस पर 15 मिनट के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए सरस्वती पूजा को भाईचारे, अनुशासन और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया।
सरस्वती पूजा को लेकर जामताड़ा में प्रशासन अलर्ट, शांति समिति बैठक में तय हुई सख्त गाइडलाइन
