जामताड़ा। गांधी मैदान के समीप समाज कल्याण समिति परिसर में बुधवार को आयोजित नगर महिला सम्मान समारोह उत्साह और गरिमा का अद्भुत संगम बना। कार्यक्रम की विशेष शोभा बढ़ाते हुए पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए, जिनका सैकड़ों महिलाओं ने तालियों और पुष्पगुच्छों से भव्य स्वागत किया। मंडल ने भी सभी मातृशक्ति को सामूहिक पुष्प भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2008 के बाद जामताड़ा के व्यापक विकास की असली प्रेरणा यहां की महिलाएँ ही रही हैं। उनके कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को पक्के घर मिले, साथ ही नगर को झुग्गी-झोपड़ी मुक्त बनाने, सड़कों, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और पेयजल जैसी योजनाओं को जमीन पर उतारने में महिलाओं ने मजबूत भागीदारी निभाई।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से हजारों महिलाओं को जोड़कर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया गया। जामताड़ा की माताएँ–बहनें हमेशा विकास की साझेदार रहीं और घर–घर जाकर उनकी समस्याएँ सुनना मेरे जीवन का संकल्प रहा है।
भविष्य के चुनाव को लेकर उन्होंने आगाह किया कि मौसमी प्रत्याशी भ्रम फैलाने की कोशिश करेंगे, लेकिन जनता को यह तय करना होगा कि वर्षभर उनके सुख–दुख में कौन साथ रहा है।
समारोह में मौजूद महिलाओं ने जोरदार समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले नगर पंचायत चुनाव में वे वीरेंद्र मंडल को भारी बहुमत से चेयरमैन बनाएंगी। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी विजय भगत ने किया और बड़ी संख्या में वार्ड पार्षद एवं महिलाएँ उपस्थित रही।
