मां चंचला त्रयोदस महोत्सव का दीपमय उल्लास, रोशनी और श्रद्धा से जगमगाया जामताड़ा

जामताड़ा। जगत जननी कुल देवी मां चंचला की असीम कृपा से आयोजित मां चंचला त्रिदिवसीय त्रयोदस वार्षिक महोत्सव के अवसर पर जामताड़ा नगर भक्ति, आस्था और दीपों की रोशनी से सराबोर हो उठा। महोत्सव के तहत पूरे शहर में दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें घर घर दीप प्रज्वलन कर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था व्यक्त की। दीपों की श्रृंखला से सजा जामताड़ा मानो आध्यात्मिक उजास में नहाया नजर आया।इस पावन अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंच, जामताड़ा की ओर से मां चंचला मंदिर परिसर में सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सैकड़ों दीपों से सुसज्जित मंदिर प्रांगण की अलौकिक छटा श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रही थी। कार्यक्रम में नगर पंचायत जामताड़ा की अध्यक्ष रीना कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।दीपोत्सव के दौरान संबोधन में रीना कुमारी ने कहा कि मां चंचला महोत्सव जामताड़ा की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि मां चंचला कलश शोभा यात्रा सहित महोत्सव के सभी आयोजन राज्यभर में चर्चा का विषय बने हैं, जिससे जामताड़ा को नई पहचान मिली है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए नगरवासियों, महिला मंच और समस्त श्रद्धालुओं की सहभागिता की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया।दीपोत्सव के दौरान मां चंचला के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने मां से सुख समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *