जामताड़ा में 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह, अभिनेता चंकी पांडे होंगे खास मेहमान

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। जामताड़ा में सामाजिक एकता और सहयोग का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए आगामी 25 और 26 अप्रैल को दुमका रोड स्थित यज्ञ मैदान में 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को तरुण गुप्ता ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पहले निर्धारित था, लेकिन चुनाव के कारण स्थगित कर दिया गया था, जिसे अब नए सिरे से भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 25 अप्रैल को मेहंदी समारोह और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बनाएंगे। वहीं 26 अप्रैल को शाम 5 बजे से विधिवत विवाह की रस्में शुरू होंगी। इस विशेष अवसर पर बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।तरुण गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ी सहायता साबित होगा, जिससे उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से संबल मिलेगा। इस तरह के सामूहिक विवाह समाज में समरसता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।प्रेस वार्ता के दौरान राजा नित्य गोपाल सिंह, अधिवक्ता मोहनलाल बर्मन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *