जामताड़ा को मिला राष्ट्रीय स्तर का स्कॉच सिल्वर अवॉर्ड

जामताड़ा। ई गवर्नेंस और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में जामताड़ा जिले ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। साइबर जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा को लेकर किए गए प्रभावी प्रयासों के लिए जिला प्रशासन, जामताड़ा को स्कॉच डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन अवॉर्ड से सिल्वर कैटेगरी में सम्मानित किया गया है। यह सम्मान जिले के 71 उच्च विद्यालयों में गठित साइबर सिक्योरिटी क्लबों की सफल पहल और उनके सकारात्मक प्रभाव के लिए प्रदान किया गया।10 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में जिला प्रशासन की ओर से जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे जामताड़ा के लिए गर्व का क्षण बताया।उपायुक्त ने कहा कि तेजी से बढ़ते डिजिटल युग में सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और साइबर साक्षरता अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के तहत जिला प्रशासन के नेतृत्व में एनआईसी जामताड़ा एवं सी डेक पटना के सहयोग से 71 उच्च विद्यालयों में साइबर सिक्योरिटी क्लबों का गठन किया गया। इन क्लबों के माध्यम से छात्रों और आम नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए जागरूक किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जामताड़ा अब साइबर अपराध की पहचान से बाहर निकलकर साइबर सुरक्षा और जागरूकता के मॉडल जिले के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है। कभी साइबर अपराध में अग्रणी रहा जामताड़ा आज 14वें स्थान पर पहुंचना प्रशासन की दूरदर्शिता और सामूहिक प्रयासों का जीवंत उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *