जामताड़ा नगर की राजनीति में बढ़ी हलचल, बबीता झा सोमवार को करेंगी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन

जामताड़ा। नगर पंचायत जामताड़ा के अध्यक्ष पद को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बबीता झा सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इसकी जानकारी उन्होंने रविवार की शाम मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत के दौरान दी। उनके नामांकन को लेकर समर्थकों में उत्साह और जोश साफ तौर पर देखा जा रहा है।बबीता झा ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे वे अपने समर्थकों के साथ कोर्ट रोड होते हुए हनुमान मंदिर पहुंचेंगी, जहां पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेंगी। इसके बाद स्टेशन रोड के रास्ते मां चंचला मंदिर में दर्शन कर नगर पंचायत जामताड़ा के निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष कार्यालय में पहुंचकर विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।मीडिया से बातचीत में बबीता झा ने कहा कि वे नगर पंचायत जामताड़ा अध्यक्ष पद के लिए एक मजबूत और प्रबल उम्मीदवार हैं। उन्होंने दावा किया कि जामताड़ा की जनता बदलाव चाहती है और शहर के समग्र विकास की उम्मीद उनकी ओर लगाए बैठी है। जनता का विश्वास और समर्थन उन्हें लगातार मिल रहा है।उन्होंने जामताड़ा नगर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं का भी उल्लेख किया। बबीता झा ने कहा कि यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया तो नगर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, पेयजल, सड़क, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य जामताड़ा को एक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर बनाना है, जहां हर वर्ग के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *