जामताड़ा। जामताड़ा जिले के लिए यह गर्व का क्षण है जब जिले के चार होनहार खिलाड़ियों का चयन 44वीं जूनियर राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए झारखंड राज्य टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 31 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में आयोजित की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों में तीन बालिका खिलाड़ी नैंसी सिन्हा, दीप्ति बास्की और स्वीटी मुर्मू तथा एक बालक खिलाड़ी तरुण कुमार हांसदा शामिल हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।इस उपलब्धि से जामताड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में खेल प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल है। जामताड़ा जिला खो-खो संघ के सचिव नंदन कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और मेहनत का परिणाम है।चयन के उपलक्ष्य में ज्ञान रेणु विद्या निकेतन स्कूल के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी, संरक्षक श्यामल मंडल और वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।मौके पर मुख्य संरक्षक अजय सिंह, उपाध्यक्ष भूपेश गुप्ता, कमलेश मंडल, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, आकाश साव, सदस्य राज कुमार, सुभाष, प्रीतम मुर्मू, रामजीत मुर्मू सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के सफल प्रदर्शन की कामना की।
राष्ट्रीय खो-खो में जामताड़ा की धमक, चार खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान
