कुंडहित। प्रखंड के बाबूपुर गाँव में सोमवार को भाजपा द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत जन चौपाल कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, माधव चंद्र महतो और जिला परिषद अध्यक्ष राधा रानी सोरेन सहित कई नेता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि “2047 तक आत्मनिर्भर भारत बनाना हमारा लक्ष्य है।” उन्होंने बताया कि आज दुनिया भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में देख रही है और यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का परिणाम है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी विभागों में शिक्षक, चिकित्सक और कर्मचारियों की भारी कमी है, जिससे विकास अवरुद्ध हुआ है।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने आत्मनिर्भरता को भविष्य के लिए अनिवार्य बताया, जबकि भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने नाला क्षेत्र में बढ़ते भय व अव्यवस्था का मुद्दा उठाया।
मौके पर विष्णु मंडल, परितोष सोरेन, राम सिंह यादव, आभा आर्या, सूरज झा, मनोज गोस्वामी, किरण बेसरा, तापस भट्टाचार्य, वरुण मंडल, बनमाली मंडल, ठाकुर मणि सिंह, ओम प्रकाश यादव, सुभद्रा बाउरी, अमित कुमार, नीतु मंडल, जगबंधु मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
