नगरपालिका चुनाव को लेकर झारखंड–पश्चिम बंगाल पुलिस के बीच अंतरराज्यीय समन्वय बैठक

जामताड़ा। आसन्न नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जामताड़ा और सीमावर्ती जिला पश्चिम बर्द्धमान (पश्चिम बंगाल) की पुलिस के बीच शनिवार को एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जामताड़ा पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता की अध्यक्षता में चित्तरंजन भवन, सीएलडब्ल्यू चित्तरंजन के सभागार में सम्पन्न हुई।बैठक में चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच सक्रिय एवं वांछित अपराधियों तथा वारंटियों की सूची का आपसी आदान-प्रदान किया गया, ताकि समय रहते उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में मिरर चेकपोस्ट की स्थापना, चुनाव से 24 घंटे पूर्व अंतरराज्यीय सीमा को पूर्ण रूप से सील करने, सघन वाहन एवं व्यक्ति जांच अभियान चलाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर सहमति बनी।पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, त्वरित सूचना साझा करने और संयुक्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस समन्वय बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जामताड़ा, पुलिस निरीक्षक (नगर प्रभाग), जामताड़ा, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी जामताड़ा, थाना प्रभारी मिहिजाम, थाना प्रभारी रूपनारायणपुर, थाना प्रभारी चित्तरंजन (फतेहपुर), आरपीएफ टाउन प्रभारी सहित पश्चिम बंगाल पुलिस, आरपीएफ एवं झारखंड पुलिस के वरीय एवं कनिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *