वार्ड 2 में विकास की विरासत के साथ मैदान में झिमली मजूमदार, तीसरी बार जीत दर्ज करने का लक्ष्य

मिहिजाम। नगर परिषद मिहिजाम के वार्ड संख्या 2 में चुनावी हलचल तेज हो गई है। पार्षद पद की उम्मीदवार झिमली मजूमदार एक बार फिर विकास कार्यों को आधार बनाकर मतदाताओं के बीच पहुंच रही हैं। पिछले दस वर्षों में कराए गए कार्यों को अपनी उपलब्धि बताते हुए वे हैट्रिक जीत का दावा पेश कर रही हैं।जनसंपर्क अभियान के दौरान झिमली मजूमदार ने कहा कि उन्होंने हमेशा वार्डवासियों के सुख-दुख में साथ निभाया है और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर निरंतर काम किया है। उनके अनुसार, सड़कों का निर्माण, नालियों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था में सुधार और स्वच्छता अभियान को मजबूती देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से वार्ड में विकास की जो रफ्तार बनी है, उसे अगले कार्यकाल में और तेज किया जाएगा। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाना, जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और युवाओं के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना उनकी आगामी योजनाओं में शामिल है।झिमली मजूमदार ने भरोसा जताया कि वार्ड संख्या 2 की जनता एक बार फिर विकास के मुद्दे पर समर्थन देगी। समर्थकों के साथ लगातार बैठकें और घर-घर संपर्क अभियान के जरिए वे अपनी उपलब्धियों और भावी योजनाओं को साझा कर रही हैं। वार्ड में उनका चुनावी अभियान गति पकड़ता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *