मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद के वार्ड संख्या 6 से पार्षद पद की उम्मीदवार खुशबू कुमारी ने चुनावी अभियान को रफ्तार दे दी है। घर-घर जाकर लोगों से संवाद कर रही खुशबू कुमारी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में पूरी ताकत लगा रही हैं।जनसंपर्क के दौरान उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 6 में अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। कई स्थानों पर नालियां जाम पड़ी हैं, जिससे गंदगी और जलजमाव की समस्या बनी रहती है। नियमित सफाई व्यवस्था के अभाव में स्थानीय लोग परेशान हैं और संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है। खुशबू कुमारी ने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वार्ड में साफ-सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जाम नालों की नियमित सफाई, कचरा निष्पादन की बेहतर व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल वादे करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव लाना है। वार्ड के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों का सकारात्मक समर्थन भी मिल रहा है।
बदलाव का संकल्प लेकर मैदान में उतरीं खुशबू कुमारी, वार्ड 6 में तेज किया जनसंपर्क
