स्वास्थ्य केंद्र के पुनः संचालन और पॉकेट गेट खुलवाने का वादा, लक्ष्मण प्रसाद का जनसंपर्क तेज

मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 14 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। पार्षद प्रत्याशी लक्ष्मण प्रसाद ने कुर्मीपाड़ा स्थित पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः चालू कराने, कुर्मीपाड़ा के पॉकेट गेट को खुलवाने तथा क्षेत्र में बुनियादी विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के मुद्दे पर सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।जनसंपर्क के दौरान लक्ष्मण प्रसाद ने घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि कुर्मीपाड़ा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे स्थानीय लोगों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है। अगर उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो स्वास्थ्य केंद्र को पुनः संचालन में लाने के लिए नगर परिषद एवं संबंधित विभाग से समन्वय कर पहल की जाएगी।इसके अलावा कुर्मीपाड़ा स्थित पॉकेट गेट बंद रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गेट खुलवाने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।लक्ष्मण प्रसाद ने साफ-सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी अपनी प्राथमिकता बताया। जनसंपर्क अभियान के दौरान समर्थकों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की और क्षेत्र के विकास के लिए उन्हें योग्य उम्मीदवार बताया।वार्ड संख्या 14 में लक्ष्मण प्रसाद का यह जनसंपर्क अभियान चुनावी माहौल को और भी गर्म कर गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि विकास के इन मुद्दों पर जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *