तेलियाडीह में कुएं से मिला विवाहिता का शव, 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत से गांव में मातम

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाडीह गांव में सोमवार को एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक और स्तब्धता में डाल दिया। गांव के एक कुएं में 26 वर्षीय विवाहित महिला का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान तेलियाडीह निवासी सुबोध कुमार रवानी की पत्नी प्रीति देवी (26 वर्ष) के रूप में की गई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सोमवार की सुबह कुछ लोग रोजमर्रा के काम से गांव के समीप स्थित एक पुराने कुएं के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं के पानी में एक शव पर पड़ी। पहले तो लोगों को यकीन नहीं हुआ, लेकिन ध्यान से देखने पर पता चला कि वह एक महिला का शव है। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और कुछ ही देर में कुएं के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।जब शव की पहचान की गई तो पता चला कि वह गांव के ही निवासी सुबोध कुमार रवानी की पत्नी प्रीति देवी है। यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना करमाटांड़ थाना पुलिस को दी।बताया जा रहा है कि प्रीति देवी की शादी कुछ वर्ष पहले सुबोध कुमार रवानी के साथ हुई थी और उनके दो छोटे छोटे बच्चे हैं। इस घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं और आसपास के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में लगे हुए हैं।ग्रामीणों के अनुसार प्रीति देवी एक सामान्य और शांत स्वभाव की महिला थीं। उनके साथ इस तरह की घटना कैसे हुई, यह बात लोगों को समझ में नहीं आ रही है। इसी कारण गांव में तरह तरह की चर्चाएं भी होने लगी हैं।घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया। ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। घटना स्थल पर पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की और मामले से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया।घटना की जानकारी मिलते ही प्रीति देवी के मायके पक्ष के लोग भी करमाटांड़ थाना पहुंच गए। बेटी की अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से मायके वालों का भी रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।मायके पक्ष का कहना है कि प्रीति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सही खुलासा होना जरूरी है। परिवार के लोगों ने प्रशासन से इस मामले में पूरी सच्चाई सामने लाने की अपील की है।फिलहाल प्रीति देवी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह घटना दुर्घटना है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसको लेकर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस इस मामले में हर संभावित पहलू की जांच कर रही है और परिजनों तथा ग्रामीणों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।इस दर्दनाक घटना के बाद तेलियाडीह गांव में शोक का माहौल है। गांव के लोग इस घटना से काफी दुखी हैं और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर एक युवा महिला की इस तरह से मौत कैसे हो गई। वहीं मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव के लोग उनके दुख में शामिल हैं।फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। आने वाले दिनों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर ही इस रहस्यमय मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *