जामताड़ा। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, जामताड़ा शाखा द्वारा श्री कृष्ण गौशाला परिसर में विशेष तुला दान कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, सेवा और संस्कार के भाव के साथ किया गया। सुबह से ही गौशाला में भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई थी और पूरा वातावरण भक्ति एवं पुण्य की अनुभूति से ओत प्रोत नजर आया।मंच के सक्रिय सदस्य प्रदीप अग्रवाल एवं मिंटू अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन में 50 से अधिक दंपत्तियों, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने विशाल तराजू पर अपने शरीर के वजन के अनुरूप गुड़, दाल, अनाज एवं अन्य आवश्यक सामग्री का दान कर गौसेवा का पुण्य अर्जित किया। उपस्थित लोगों ने गौशाला और गौ माता के संरक्षण को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि तुला दान आत्मशुद्धि, संतुलन और समाज सेवा का प्रतीक है। मारवाड़ी युवा मंच ने भविष्य में भी गौसंरक्षण एवं सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए रोचक एवं दिमागी कसरत वाले खेलों का आयोजन कर माहौल को और भी आनंदमय बनाया गया।इस सफल आयोजन में प्रदीप अग्रवाल, मिंटू अग्रवाल, बिमल जटिया, सुशील सरावगी, प्रतीक नारनौलिया, दिनेश हलवाई, सूरज अग्रवाल, बंटी नारनौलिया, रोहित लोहारुका, परवीन दालान, राजेश भारती, सरोज परशुरामका, राकेश अग्रवाल, संजय अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोगों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
श्री कृष्ण गौशाला में मारवाड़ी युवा मंच का भव्य तुला दान आयोजन
