जामताड़ा। जामताड़ा से एक प्रेरणादायी खबर सामने आई है, जहां गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मुस्कान हॉस्पिटल, बुधुडीह परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन, स्थानीय नागरिकों और कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।ध्वजारोहण के पश्चात अपने संबोधन में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश का सबसे बड़ा पर्व है, जो हमें एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हमें नफरत को छोड़कर प्रेम और सद्भाव के मार्ग पर चलना होगा। धर्म या जाति के नाम पर फैलाई जाने वाली नफरत से देश कमजोर होता है, जबकि एकता से राष्ट्र मजबूत बनता है।मंत्री ने देश की आज़ादी के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि यह स्वतंत्रता हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। अंग्रेजों के खिलाफ लड़ी गई लड़ाई ने हमें आज़ाद भारत की सौगात दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब असली लड़ाई बाहरी शासकों से थी, तो आज हम आपस में क्यों बंट रहे हैं।कार्यक्रम के अंत में डॉ. इरफान अंसारी ने देशवासियों, जामताड़ा के लोगों और मुस्कान हॉस्पिटल के प्रबंधन को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
तिरंगे के साये में एकता का संदेश: मुस्कान हॉस्पिटल में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया ध्वजारोहण
