नाला में खुले नए कौशल के द्वार — महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की नई सौगात

नाला (जामताड़ा)। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नाला प्रखंड के बान्दो मोड़ में मंगलवार को सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एवं केंद्र की संस्थापक प्रियंका सिंह और पायल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र की शुरुआत की, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।

प्रियंका सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र महिलाओं और युवतियों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बनेगा। यहां कपड़ों की सिलाई, कटिंग, डिज़ाइनिंग और आधुनिक परिधानों की तैयारी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से महिलाएं स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना पाएंगी।

स्थानीय महिलाओं ने केंद्र खुलने पर गहरी खुशी व्यक्त की। उनका कहना था कि अब उन्हें रोजगार सीखने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में शोभा देवी, लवली सिंह, मृदुला सिंह, चकोरी सिंह, ब्यूटी सिंह, अंसू सिंह, अभिषेक सिंह, बबलू सिंह, सपन सिंह, कुंदन सिंह, अनुप कुमार सिंह, ब्रज किशोर सिंह, सदानंद सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, पुरुष एवं युवतियां उपस्थित थे। केंद्र की शुरुआत को लोगों ने सामाजिक बदलाव का शुभ संकेत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *