जामताड़ा। जामताड़ा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने मंगलवार की देर रात मीडिया से संवाद करते हुए नगर की सियासत से जुड़ी एक अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बुधवार को उनकी छोटी बहन रीना कुमारी जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस घोषणा के साथ ही नगर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।वीरेंद्र मंडल ने कहा कि रीना कुमारी का नामांकन कार्यक्रम केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नगर की जनता की भावनाओं और समर्थन का प्रतीक होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अवसर पर जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र की माता-बहनें, प्रबुद्ध नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहेंगे।पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि रीना कुमारी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रही हैं और नगर के विकास, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं बुनियादी सुविधाओं को लेकर उनकी स्पष्ट सोच है। नामांकन के दिन जनसमर्थन का व्यापक प्रदर्शन देखने को मिलेगा, जिससे यह स्पष्ट होगा कि जनता बदलाव और मजबूत नेतृत्व की अपेक्षा कर रही है।नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए रीना कुमारी का नामांकन जामताड़ा की राजनीति में एक नए समीकरण की शुरुआत माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें बुधवार के नामांकन कार्यक्रम और उसमें उमड़ने वाली भीड़ पर टिकी हैं।
जामताड़ा नगर राजनीति में नया अध्याय: रीना कुमारी भरेंगी अध्यक्ष पद का नामांकन
