कुंडहित (जामताड़ा)। फसल सुरक्षा मिशन के अंतर्गत कुंडहित प्रखंड के बनकाटी और कालिकापुर गांव में किसानों के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रत्येक स्थल पर 30-30 किसानों ने भाग लिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, फसल सुरक्षा, और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए आवश्यक वैज्ञानिक ज्ञान प्रदान करना था।
प्रशिक्षण सत्र में पौधा संरक्षण पर्यवेक्षक मो. समसुद्दिन और कृषि स्नातक मो. हानिब ने भाग लेने वाले किसानों को कीट एवं रोग प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल प्रबंधन और सल्फर जैसे आवश्यक पोषक तत्वों के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही समय पर पौधों की सुरक्षा और आवश्यक पोषक तत्वों का प्रयोग फसल की उपज और गुणवत्ता दोनों को बढ़ाता है।
किसानों को प्रमुख कीटों और बीमारियों की पहचान, रोकथाम और नियंत्रण उपायों को भी प्रायोगिक रूप से समझाया गया। इसके साथ ही रबी एवं खरीफ फसलों के लिए फसल प्रणाली आधारित प्रशिक्षण, अच्छी कृषि पद्धतियां और खेत प्रबंधन पर भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान और किसान मित्र भी मौजूद रहे। किसानों ने प्रशिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से उन्हें लाभकारी खेती अपनाने में बड़ी मदद मिलती है।
