तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के हांसी पहाड़ी स्थित नगर परिषद कार्यालय के सभागार में बुधवार को एक भव्य स्वागत सह परिचयात्मक समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर परिषद द्वारा नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्वागत और आपसी समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। समारोह में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार, नगर प्रबंधक विजय कुमार, नवनिर्वाचित अध्यक्ष जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय सहित सभी वार्डों के पार्षद एवं नगर परिषद के कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत गरिमामय वातावरण में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद एक एक कर सभी प्रतिनिधियों का परिचय कराया गया जिससे नवगठित टीम के बीच आपसी परिचय और संवाद का माहौल बना। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर नगर परिषद क्षेत्र की जनता से किए गए वादों को पूरा करने का संकल्प लिया और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई।समारोह का एक महत्वपूर्ण और पारंपरिक पहलू उस समय देखने को मिला जब नवनिर्वाचित अध्यक्ष जयश्री देवी और उपाध्यक्ष महावीर राय को पुरोहित की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच तिलक लगाया गया। इसके पश्चात नारियल फोड़कर शुभारंभ किया गया और दोनों को विधिवत उनके अपने कार्यालय कक्ष में प्रवेश कराया गया। इस दौरान उन्हें कार्यालय की चाभी भी सौंपी गई जो उनके नए दायित्वों की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक बना।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाना ही जनप्रतिनिधियों का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।इस अवसर पर अध्यक्ष जयश्री देवी ने अपने संबोधन में नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने विशेष रूप से गर्मी के मौसम में पेयजल संकट को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि बंद पड़े चापाकलों की मरम्मत कराकर लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर परिषद क्षेत्र में पानी की समस्या को दूर करने के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे ताकि किसी भी वार्ड में पानी की कमी से लोगों को परेशानी न हो।वहीं उपाध्यक्ष महावीर राय ने शहर की एक प्रमुख समस्या फुटपाथी दुकानदारों के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि चित्तरंजन रोड पर फुटपाथी दुकानदारों के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है जिससे यातायात प्रभावित होता है। इसके चलते रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बार बार दुकानदारों को हटाया जाता है जिससे उनके रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए आगामी प्रथम बोर्ड बैठक में फुटपाथी दुकानदारों के लिए एक व्यवस्थित बाजार की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा जाएगा।उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि फिलहाल चिरेका प्रशासन से वार्ता कर फुटपाथी दुकानदारों को हो रही परेशानियों का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं बल्कि सभी को व्यवस्थित तरीके से काम करने का अवसर देना है ताकि शहर की व्यवस्था भी बनी रहे और लोगों का रोजगार भी सुरक्षित रहे।इसके अलावा महावीर राय ने मिहिजाम में कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं पर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय कैटरिंग कर्मियों को रात के समय बिना पहचान पत्र के घर लौटने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पुलिस गश्ती दल द्वारा रोके जाने पर उन्हें पहचान साबित करने में परेशानी होती है जिससे अनावश्यक दिक्कतें उत्पन्न होती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद द्वारा कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को सूचीबद्ध कर उन्हें पहचान पत्र जारी करने का प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।समारोह के दौरान नगर परिषद के कर्मियों और पार्षदों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित कर्मियों में रामू बाउरी, संजय चौधरी, संजय विश्वकर्मा, देवाशीष चक्रबर्ती सहित अन्य शामिल थे। वहीं पार्षदों में विष्णु देव मुर्मू, झिमली मजूमदार, मनीषा महतो, शंकर पंडित, मुमताज बानो, संजू महतो, विकास बर्मन, राहुल शर्मा, रमेश रजक, रवि मिस्त्री, आलोक मिस्त्री, प्रमिला देवी, किरण देवी, बेबी रॉय, गीता दास, संयुक्ता देवी, मीना बाउरी, विमला देवी और कैलाश पंडित समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। यह समारोह न केवल नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के स्वागत का मंच बना, बल्कि आने वाले समय में नगर परिषद की कार्यशैली और प्राथमिकताओं की झलक भी प्रस्तुत कर गया। कार्यक्रम में लिए गए संकल्प और प्रस्तावों से यह स्पष्ट है कि नई टीम नगर की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को लेकर गंभीर है। अब देखना यह होगा कि ये योजनाएं जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी ढंग से लागू हो पाती हैं और नगरवासियों को इसका कितना लाभ मिल पाता है।
मिहिजाम नगर परिषद में नई टीम का आगाज़: जनसमस्याओं के समाधान और विकास का लिया संकल्प
