तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। नगर परिषद मिहिजाम में संपन्न हुए नगर निकाय चुनाव के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों का सम्मान समारोह रविवार को मिहिजाम के कानगोई स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें पुष्प गुच्छ और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।इस सम्मान समारोह में झामुमो के जिला उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय कमेटी सदस्य प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मेरी मरांडी, पार्टी सचिव माखोनी हेंब्रम, मिहिजाम नगर अध्यक्ष सलिल रमन उर्फ बंटू आइजक, नगर सचिव महेंद्र टुडू, जिला युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष सूरज रवानी तथा झामुमो नेत्री चमेली देवी सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान मिहिजाम नगर परिषद के पांच वार्डों से जीतकर आए झामुमो समर्थित पार्षदों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इनमें वार्ड संख्या 1 से विष्णु देव मुर्मू, वार्ड संख्या 7 से विकास कुमार वर्मा, वार्ड संख्या 8 से प्रमिला देवी, वार्ड संख्या 19 से कैलाश पंडित तथा वार्ड संख्या 20 से बिमला देवी शामिल हैं। सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पार्टी नेताओं ने उन्हें जनसेवा के लिए शुभकामनाएं भी दीं।इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में झामुमो समर्थित उम्मीदवारों की जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में यह समर्थन और अधिक बढ़ेगा।उन्होंने आगे कहा कि इस बार नगर परिषद मिहिजाम से झामुमो समर्थित पांच वार्ड पार्षद जीतकर आए हैं, जो पार्टी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में मिहिजाम शहर में झामुमो की स्थिति और मजबूत होगी तथा अधिक संख्या में झामुमो समर्थित उम्मीदवार चुनाव जीतकर नगर विकास की दिशा में काम करेंगे।प्रोफेसर साव ने नव निर्वाचित पार्षदों से अपेक्षा जताई कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए अपने-अपने वार्डों के विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निकाय के जनप्रतिनिधि स्थानीय समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।वहीं महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मेरी मरांडी ने भी सभी नव निर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें अपने क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत बनाती है। उन्होंने विशेष रूप से महिला पार्षदों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र में महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।मेरी मरांडी ने समारोह के दौरान सभी पांचों पार्षदों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा से जनहित और सामाजिक विकास की राजनीति करता आया है और पार्टी के जनप्रतिनिधियों से भी यही अपेक्षा की जाती है कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करें।कार्यक्रम के दौरान अन्य पार्टी नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर परिषद चुनाव में मिली सफलता कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के कारण जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।समारोह के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने अपने वार्डों में विकास कार्यों को गति देंगे और जनता के भरोसे को बनाए रखेंगे। कार्यक्रम के बाद सभी ने आपस में एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं और नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
मिहिजाम में झामुमो समर्थित नव निर्वाचित पार्षदों का हुआ भव्य स्वागत, पार्टी नेताओं ने जताया गर्व
