मिहिजाम। नगर निकाय चुनाव के तहत मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 के परिणाम घोषित होने के बाद प्रत्याशी सानिया परवीन के निवेदक आशिफ अहमद ने भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें हार का अफसोस नहीं है, लेकिन मन में यह सवाल जरूर है कि क्या वाकई मैं और मेरी ईमानदारी इतनी अकेली है।आशिफ अहमद ने वार्ड की जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए कहा, वार्ड संख्या 10 की जनता, आपका निर्णय सर आंखों पर। मेरा संघर्ष किसी पद के लिए नहीं, बल्कि आपके भविष्य के लिए था और वह आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पद उनके लिए लक्ष्य नहीं, बल्कि सेवा का एक माध्यम भर है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिना किसी पद के भी वे वार्ड की जनता की सेवा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते रहेंगे। अंतिम सांस तक आपका था, हूं और रहूंगा, कहते हुए उन्होंने समर्थकों का आभार व्यक्त किया।गौरतलब है कि वार्ड संख्या 10 में कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें सानिया परवीन दूसरे स्थान पर रहीं। चुनाव परिणाम के बाद भी उनके समर्थकों में उत्साह और सक्रियता देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनावी हार के बावजूद सानिया परवीन की सक्रियता और जनसंपर्क ने उन्हें एक मजबूत सामाजिक चेहरा बना दिया है।
हार का मलाल नहीं, ईमानदारी पर सवाल जरूर: वार्ड 10 में दूसरे स्थान पर रहीं सानिया परवीन
