जामताड़ा। ओम प्रकाश कबड्डी एकैडमी भारत ने 19वीं झारखंड राज्य कबड्डी प्रतियोगिता 2025 (गढ़वा) में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया। 6–7 दिसंबर को हुए मुकाबलों में एकैडमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया।
उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए सचिव एवं हेड कोच राज कमल सिंह की अगुवाई में सम्मान कार्यक्रम रखा गया, जिसमें खिलाड़ियों में रितेश कुमार, छोटू दास, प्रिंस चौधरी, यश राज गुप्ता, दीपंकर सिंह और पीयूष यादव का फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। सभी खिलाड़ियों को उनकी मेहनत और संघर्ष के लिए बधाई दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित एकैडमी के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने एकैडमी के अन्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे भी निरंतर अभ्यास और अनुशासन के दम पर आने वाले खेलों में पदक जीतकर जामताड़ा का मान बढ़ाएँ।
सम्मान समारोह का उद्देश्य खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाना और जिला स्तरीय प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
