77वें गणतंत्र दिवस पर चिरेका महिला कल्याण संगठन ने रचाया सेवा, संस्कार और देशभक्ति का अनुपम संगम

चित्तरंजन। चित्तरंजन रेलनगरी क्षेत्र में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर चिरेका महिला कल्याण संगठन द्वारा देशभक्ति, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत भव्य आयोजन किया गया। सोमवार को शिशु विहार स्कूल, मसाला सेंटर एवं आशा किरण केंद्र में एक साथ आयोजित कार्यक्रमों ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।इन सभी कार्यक्रमों में चिरेका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष अनीता गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने तीनों स्थानों पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति के साथ देश की स्वतंत्रता एवं संविधान के रक्षकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।शिशु विहार स्कूल और आशा किरण केंद्र में बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य और लघु नाट्य मंचन ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों का उत्साह, आत्मविश्वास और देश के प्रति प्रेम कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता रहा। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष अनीता गुप्ता एवं संगठन की सदस्यों द्वारा बच्चों को लड्डू, चॉकलेट, उपहार और फलों का रस वितरित किया गया।मसाला सेंटर में भी गणतंत्र दिवस की गरिमा के अनुरूप ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया, जहां मिठाइयों का वितरण कर खुशियां साझा की गईं। तीनों परिसरों को तिरंगे के रंगों से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूर्णतः राष्ट्रमय हो उठा।सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए संगठन की टीम ने कस्तूरबा गांधी अस्पताल का भी दौरा किया, जहां मरीजों के बीच फल और तौलिये वितरित किए गए। साथ ही अस्पताल की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपयोगी उपकरण एवं सामग्री भी भेंट की गई।इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी, सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। चिरेका महिला कल्याण संगठन का यह आयोजन न केवल गणतंत्र दिवस का उत्सव था, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्रनिर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश भी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *