मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के हांसीपहाड़ी स्थित नगर भवन में सोमवार से राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पेंशनधारियों के लिए चार दिवसीय सत्यापन शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा संचालित इस शिविर में नगर के सभी वार्डों से लाभुक अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन करवा रहे हैं।पहले दिन सुबह से ही वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लाभुकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। अधिकारी दस्तावेजों की जाँच के साथ-साथ पेंशन योजना से जुड़े नए निर्देशों की जानकारी भी प्रदान कर रहे हैं।सत्यापन टीम ने बताया कि यह शिविर 4 दिसंबर तक चलेगा और सभी लाभुकों से आग्रह किया गया है कि निर्धारित समय में अपने सत्यापन को पूरा करें। टीम ने स्पष्ट किया कि सत्यापन न कराने पर पेंशन अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।शिविर के सुचारू संचालन के लिए नगर परिषद ने बैठने, पानी और सहायता केंद्र जैसी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं, ताकि बुजुर्ग एवं दिव्यांग पेंशनधारियों को कोई असुविधा न हो। सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने बताया कि यह अभियान पेंशन योजनाओं की पारदर्शिता और वास्तविक लाभुकों तक लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।लाभुकों ने भी शिविर के सफल आयोजन के लिए प्रशासन को धन्यवाद दिया और इसे सकारात्मक पहल बताया।
मिहिजाम में पेंशनधारियों का सत्यापन शिविर शुरू, बड़ी संख्या में पहुंचे लाभुक
