जामताड़ा। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र की रानीडीह पंचायत अंतर्गत श्यामपुर मोड़ पर वीबी जी राम जी विषयक जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।जन चौपाल के दौरान बाबूलाल मरांडी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जनता की समस्याएं उनकी प्राथमिकता हैं और जनहित से जुड़े सभी विषयों को विधानसभा सहित संबंधित मंचों पर पूरी मजबूती से रखा जाएगा।उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की राजनीति की नींव गांव, गरीब और किसान पर आधारित है। गांव-गांव तक विकास पहुंचाना और आम जनता को शासन-प्रशासन से जोड़ना ही पार्टी का लक्ष्य है। जन चौपाल जैसे कार्यक्रम लोकतंत्र को मजबूत करते हैं और जनप्रतिनिधियों को जमीनी हकीकत से रूबरू कराते हैं।कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस आयोजन को जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बताते हुए सराहना की। जन चौपाल ने सहभागिता आधारित विकास और सशक्त लोकतंत्र का संदेश दिया।
रानीडीह में जनचौपाल से गूंजा जनस्वर, बाबूलाल मरांडी ने जाना गांव का हाल
