चुनावी सख्ती में पुलिस की बड़ी सफलता, हांसी पहाड़ी चेक नाका पर शराब तस्करी का पर्दाफाश

मिहिजाम। नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में लागू आदर्श आचार संहिता के बीच पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को हांसी पहाड़ी स्थित चेक नाका पर की गई सघन जांच के दौरान पुलिस को अवैध शराब तस्करी के एक प्रयास को विफल करने में सफलता मिली। दोपहर करीब 3:40 बजे नियमित जांच अभियान के दौरान एक पैदल युवक की संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस का ध्यान आकर्षित किया।मौके पर दंडाधिकारी रत्नेश कुमार एवं एसआई किशन कुमार की मौजूदगी में जब संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जांच में सिग्नेचर ब्रांड की 750 एमएल की एक बोतल एवं ब्लेंडर प्राइड ब्रांड की 750 एमएल की कुल 11 बोतलें पाई गईं। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत 12,240 रुपये बताई गई है।पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम मनोज राम और पता बेगूसराय, बिहार बताया। प्रारंभिक जांच में मामला चुनावी माहौल में अवैध शराब की आपूर्ति से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।घटना की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिलेभर में जांच अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चेक नाका पर की गई कार्रवाई के तहत जब्त शराब एवं हिरासत में लिए गए व्यक्ति को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव अवधि में अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस सक्रियता से जहां तस्करों में हड़कंप मचा है, वहीं आम जनता में सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *