मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में जारी निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 8 से पार्षद पद की प्रत्याशी एवं पूर्व पार्षद प्रमिला देवी ने जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाकर अपनी दावेदारी मजबूत की। उनके जनसंपर्क कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।प्रमिला देवी ने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों का दौरा कर लोगों से सीधे संवाद किया और अपने पूर्व कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में सड़क, नाली, सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए गए। कुछ अधूरे कार्य शेष हैं, जिन्हें दोबारा अवसर मिलने पर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।मीडिया से बातचीत में उन्होंने विश्वास जताया कि वार्ड 8 की जनता का समर्थन उन्हें लगातार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वे हर सुख-दुख में वार्डवासियों के साथ खड़ी रही हैं और आगे भी जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया, जिससे चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है।
मिहिजाम में प्रमिला देवी का शक्ति प्रदर्शन, वार्ड 8 में जनसंपर्क के दौरान उमड़ा जनसैलाब
