मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे नगर निकाय चुनाव के बीच अध्यक्ष पद की प्रत्याशी प्रीति देवी ने जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। समाजसेवी राकेश लाल की धर्मपत्नी प्रीति देवी लगातार नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में जाकर लोगों से संवाद कर रही हैं और अपनी प्राथमिकताओं को जनता के सामने रख रही हैं। उनके प्रचार अभियान में स्थानीय लोगों की अच्छी भागीदारी देखी जा रही है, जिससे चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय हो गया है।पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रीति देवी ने नगर परिषद क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के गठन के करीब 18 वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक क्षेत्र में एक भी व्यवस्थित बस स्टैंड नहीं बन पाया है। इसके अलावा ऑटो और टोटो चालकों के लिए भी किसी स्थायी स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने से आम लोगों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इसे नगर क्षेत्र की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि विकास के नाम पर अपेक्षित कार्य नहीं हुए हैं।प्रीति देवी ने फुटपाथी दुकानदारों की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित बाजार की कमी के कारण छोटे दुकानदारों को आए दिन प्रशासनिक कार्रवाई और परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि जनता उन्हें समर्थन देती है तो उनका पहला लक्ष्य बस स्टैंड, ऑटो-टोटो स्टैंड का निर्माण कराना और फुटपाथी दुकानदारों के लिए एक सुनियोजित बाजार उपलब्ध कराना होगा।उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ठोस योजनाओं के साथ काम किया जाएगा। चुनावी माहौल के बीच उनके इस घोषणा पत्र को लेकर लोगों में चर्चा तेज है और आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
विकास के मुद्दों पर प्रीति देवी का जोर: बस स्टैंड और व्यवस्थित बाजार बनाने का किया वादा
