रांची। झारखंड के रजत जयंती वित्तीय वर्ष को खास बनाने की दिशा में सरकार ने अबुआ दिशोम बजट 2026-27 की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में दो दिवसीय बजट पूर्व गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने की, जिसमें नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ और गणमान्य लोग शामिल हुए।वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तुत होने वाला अबुआ दिशोम बजट मजबूत, संतुलित और जनहित को केंद्र में रखकर तैयार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सिंचाई, हरित विकास, पर्यटन और आजीविका सृजन पर विशेष फोकस रहेगा।गोष्ठी में कृषि, सिंचाई, वन एवं पर्यावरण, ग्रामीण विकास, नगर विकास, पथ निर्माण, उद्योग, खनन, पर्यटन, श्रम और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कृषि मंत्री ने नवाचार और अन्य राज्यों की सफल योजनाओं को अपनाने पर जोर दिया, वहीं जल संसाधन मंत्री ने वर्षा जल संरक्षण और सिंचाई के वैकल्पिक साधनों को प्राथमिकता देने की बात कही।नगर विकास मंत्री ने पर्यटन और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को रोजगार से जोड़ने की जरूरत बताई। अधिकारियों और विशेषज्ञों ने मध्यम व व्यवहारिक परियोजनाओं, हरित निवेश और ग्रामीण उत्पादों को बढ़ावा देने के सुझाव दिए। बजट पूर्व गोष्ठी के जरिए अबुआ दिशोम बजट 2026-27 को अधिक जनोन्मुखी और विकासोन्मुख बनाने की दिशा में ठोस आधार तैयार किया गया।
रजत जयंती वर्ष में मजबूत अबुआ दिशोम बजट की तैयारी, बजट पूर्व गोष्ठी में विकास के हर पहलू पर मंथन
