राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारी तेज, जन संगठनों ने कसी कमर

जामताड़ा। मंगलवार को दोपहर 2 बजे सीपीआईएम पार्टी कार्यालय में विभिन्न जन संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता लखन लाल मंडल ने की। इस बैठक में आंगनवाड़ी यूनियन, रसोईया यूनियन के साथ-साथ किसान सभा से जुड़े प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।बैठक का प्रमुख उद्देश्य आगामी 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को हर हाल में सफल बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना था। वक्ताओं ने एकमत से कहा कि यह हड़ताल केवल मांगों तक सीमित नहीं है, बल्कि मेहनतकश जनता के जीवन और अस्तित्व से जुड़ा सवाल बन चुका है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में हड़ताल को प्रभावी और व्यापक रूप देने की जरूरत है।बैठक में यह भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रचार अभियान को गति देने के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा भी किया गया, ताकि अभियान सुनियोजित ढंग से आगे बढ़े।इस अवसर पर मोहन मंडल, सोनामुनी मुर्मू, अशोक कुमार भंडारी, चंडी दास पुरी, सुजीत कुमार माजी, गौर सोरेन, मैना सिंह, भवानी किस्कु, विजय राणा, संजय कुमार मेहता और इब्राहिम अंसारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।किसान सभा के राज्य महासचिव सुरजीत सिंहा ने हड़ताल की सफलता के लिए पोस्टर वितरण और माइकिंग व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान सभा तथा खेतिहर ग्रामीण मजदूर संगठन के समर्थन से यह आंदोलन और मजबूत होगा। इसी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक जनसंपर्क और प्रचार अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, ताकि हड़ताल को ऐतिहासिक बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *