जामताड़ा। मां चंचला त्रिदिवसीय त्रयोदस वार्षिक महोत्सव 2026 को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बनाने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को गांधी मैदान के समीप वेल्सन मार्ट के बेसमेंट में महोत्सव समिति की ओर से जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण स्तर के सक्रिय सदस्यों और स्वयंसेवकों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सह महोत्सव समिति अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने की।बैठक में जामताड़ा ग्रामीण, पविया, नारायणपुर, गोपालपुर, गोराईनाला मंडल सहित मिहिजाम ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में 16 जनवरी 2026 को निकलने वाली कलश शोभा यात्रा को भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक स्वरूप देने का संकल्प लिया। वीरेंद्र मंडल ने कहा कि यह महोत्सव पूरे जामताड़ा और देश-विदेश में बसे मां चंचला के भक्तों की आस्था का प्रतीक है। अनुमान है कि इस वर्ष 40 हजार से अधिक माताएं-बहनें कलश लेकर यात्रा में शामिल होंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाहन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा की गई।बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिलाने के लिए उपायुक्त द्वारा राज्य सरकार को अनुशंसा भेजी गई है।बैठक में रणजीत राणा, मुकेश यादव, राजेश मंडल, राजेंद्र मंडल, श्यामल मंडल, काजल मंडल, कृष्णा मंडल सहित सैकड़ों सदस्य व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
मां चंचला महोत्सव 2026 की तैयारी तेज, ग्रामीण कार्यकर्ताओं ने भव्य कलश यात्रा का लिया संकल्प
