मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे नगर निकाय चुनाव के बीच अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सोना कुमारी ने जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्र की समस्याओं को लेकर गंभीर चिंता जताई। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी साफ तौर पर देखने को मिलती है, जिसके कारण आम जनता को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सोना कुमारी ने विशेष रूप से महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में महिला कॉलेज का अभाव होने के कारण छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए जामताड़ा या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ता है बल्कि सुरक्षा और समय की भी समस्या उत्पन्न होती है। उनके अनुसार, यदि क्षेत्र में महिला कॉलेज की स्थापना होती है तो बड़ी संख्या में छात्राओं को लाभ मिलेगा और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त होगा।उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद क्षेत्र में लंबे समय से विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी रही है और भ्रष्टाचार की वजह से योजनाओं का लाभ जनता तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है। सोना कुमारी ने वादा किया कि जनता का समर्थन मिलने पर वह महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देंगी।जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि विकास तभी संभव है जब जनता की समस्याओं को समझकर ईमानदारी से काम किया जाए। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि इस बार बदलाव के लिए मतदान करें ताकि मिहिजाम को बेहतर शिक्षा, बेहतर व्यवस्था और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन मिल सके।चुनावी माहौल के बीच सोना कुमारी के इस बयान से स्थानीय राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है और अब देखना होगा कि जनता उनके वादों को कितना समर्थन देती है।
महिला सशक्तिकरण और व्यवस्था सुधार का वादा: सोना कुमारी ने मिहिजाम की बदहाल स्थिति पर उठाए सवाल
