जामताड़ा। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कैराबनी में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। 20 दिसंबर 2025 को फतेहपुर थाना प्रभारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कैराबनी स्थित राज होटल में छापामारी की गई। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।छापामारी के दौरान होटल से एक पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया गया, वहीं देह व्यापार के संचालन में संलिप्त पति–पत्नी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संगीता कुमारी (उम्र करीब 35 वर्ष) एवं उसके पति पप्पु राणा (उम्र करीब 33 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने घर में अवैध देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन मोबाइल फोन, पीड़िता का आधार कार्ड तथा कमरे से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी जामताड़ा सहित फतेहपुर, नाला एवं कुण्डहित प्रभाग के कई पुलिस पदाधिकारी एवं महिला बल शामिल थे।पुलिस ने बताया कि मामले में विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई जारी है और देह व्यापार जैसे सामाजिक अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से चलाया जाएगा।
राज होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, पति–पत्नी गिरफ्तार, पीड़िता मुक्त
