जामताड़ा। जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित कर आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 35 से अधिक फरियादियों ने जमीन विवाद, पेंशन, आवास, अतिक्रमण, बिजली बिल, आंगनवाड़ी चयन सहित कई मुद्दों को उपायुक्त के समक्ष रखा।उपायुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया और शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा। पेंशन के लिए आई एक बुजुर्ग महिला को जब यह जानकारी दी गई कि उनके खाते में 12,000 पहले से जमा हैं, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी। वहीं नारायणपुर से आए एक बुजुर्ग को ठंड से राहत देते हुए उपायुक्त ने तुरंत कंबल उपलब्ध कराया।आंगनवाड़ी सेविका सहायिका चयन से जुड़े मामलों पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए 24 घंटे के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में अंचल अधिकारियों को स्थल जांच कर शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा।उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाले जनता दरबार में नि:संकोच अपनी समस्याएं रखें, ताकि प्रशासन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित कर सके।
जनता की आवाज़, प्रशासन का समाधानजामताड़ा में उपायुक्त के जनता दरबार में 35 से अधिक शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
