जनसंपर्क में उतरीं पुतुल कुमारी, 18 वर्षों के विकास पर उठाए सवाल

मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे नगर निकाय चुनाव के बीच अध्यक्ष पद की प्रत्याशी पुतुल कुमारी ने चुनावी मैदान में अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई है। समाजसेवी काजू शर्मा की पत्नी पुतुल कुमारी इन दिनों लगातार विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांग रही हैं।जनसंपर्क के दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में नगर परिषद के पिछले 18 वर्षों के कार्यकाल पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि इतने लंबे समय के बाद भी शहर में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। विशेष रूप से सामुदायिक शौचालयों की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर शौचालय जर्जर अवस्था में हैं और रखरखाव के अभाव में उपयोग के लायक नहीं बचे हैं। उनके अनुसार यह स्थिति केवल लापरवाही ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का परिणाम भी हो सकती है।पुतुल कुमारी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता, जल निकासी, सड़क मरम्मत और सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी, लेकिन अपेक्षित कार्य धरातल पर नजर नहीं आते। उन्होंने दावा किया कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो पारदर्शी व्यवस्था के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी और अधूरे पड़े कार्यों को पूरा कराया जाएगा।जनसंपर्क अभियान के दौरान उनके समर्थक भी साथ चल रहे हैं और लोगों से बदलाव के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। चुनावी माहौल में पुतुल कुमारी के आरोपों और वादों ने नगर परिषद क्षेत्र की राजनीति को नई दिशा दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *