कर्माटांड़। प्रखंड मुख्यालय के अंचल सभागार में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा सोमवार को एकदिवसीय रबी कार्यशाला 2025 का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम, बीटीएम रंजीत दास और विजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।
कार्यशाला में अधिकारियों ने बताया कि कर्माटांड़ प्रखंड कृषि उत्पादन के मामले में जिले के छह ब्लॉकों में प्रथम स्थान पर है, जो यहां के किसान मित्रों की मेहनत का परिणाम है। बीज वितरण अभियान में प्रखंड ने 99 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कलेक्टर-वाइस प्रणाली के तहत जिन किसानों को इस वर्ष बीज मिला है, उन्हें अगले तीन वर्षों तक पुनः बीज नहीं दिया जाएगा, ताकि अधिक किसानों को समान लाभ मिल सके।
मिट्टी जांच, कर्ज सुविधा, सरसों–मकई के बीज चयन और आगामी रबी फसल की तैयारी पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कई किसान मित्र उपस्थित थे, जिनमें मिलन साधु, छोटेलाल मंडल, सुधीर मंडल, शंभू कुमार सिंह, उचित कुमार तिवारी, हातिम अंसारी, बाबू चंद मंडल, रंजीत कुमार कर्मकार, विधान चंद्र दत्त, सुनील रजक, अरविंद मंडल, मनोज दास सहित दर्जनों किसान शामिल रहे। कार्यशाला ने किसानों में नई ऊर्जा और तकनीकी जागरूकता का संचार किया।
