कुंडहित (जामताड़ा)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत शुक्रवार को कुंडहित थाना के समीप जिला परिवहन विभाग और कुंडहित थाना पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों को माला पहनाकर और गुलाब का फूल देकर सड़क सुरक्षा के प्रति सजग किया गया, वहीं नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को सम्मान स्वरूप गुलाब भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने सड़क से गुजर रहे लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बिना हेलमेट बाइक चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने और दो से अधिक सवारी ढोने जैसे उल्लंघनों पर लगने वाले जुर्माने की जानकारी दी और सभी से नियमों का पालन करने की अपील की।थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि 1 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।जिला परिवहन कार्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी सहायक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार दोपहिया वाहन चालकों और सहयात्रियों के लिए भारतीय मानक वाला हेलमेट पहनना अनिवार्य है। नियम उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम 2019 की धारा 194(डी) के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि चार वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के लिए भी हेलमेट जरूरी है, जबकि चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य है।सड़क अभियंत्रिकी विश्लेषक मो. आलम ने कहा कि पूरे माह विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए सड़क सुरक्षा शिक्षा अभियान को प्रभावी रूप से चलाया जाएगा।
कुंडहित में सड़क सुरक्षा का संदेश, माला और गुलाब संग नियमों की दी सीख
