तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति, परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। साथ ही आवश्यक सुधार के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हर महीने वेयरहाउस के बाहरी हिस्से और प्रत्येक तीन महीने में आंतरिक स्थिति का निरीक्षण अनिवार्य है। इसके तहत तैयार रिपोर्ट को राज्य स्तर पर भेजा जाता है, ताकि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान मौजूद प्रमुख अधिकारियों एवं प्रतिनिधियो में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश,अग्निशामक पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह,सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि जिले में निष्पक्ष और सुरक्षित चुनाव कराने को लेकर हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा पर कड़ी नजर, डीसी ने किया मासिक निरीक्षण
