जामताड़ा। जामताड़ा जिले के न्यू पाण्डेडीह मोहल्ले में मतदान की रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने राजेश कुमार सिंह के सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 17 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण और 3 लाख 62 हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार सोमवार दोपहर बाद चित्रा थाना क्षेत्र के हरयरमाटी गांव गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाया। बताया जा रहा है कि सीढ़ी की ओर से घर में घुसकर बदमाशों ने लोहे के औजार की मदद से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर रखी दो अलमारियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अलमारियों में रखे कीमती जेवरात और नकदी लेकर अपराधी फरार हो गए।मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे जब परिवार घर लौटा तो बिखरे सामान और टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। तकनीकी टीम द्वारा घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
वोटिंग की रात न्यू पाण्डेडीह में सनसनी: 20 लाख से अधिक की चोरी, घर के ताले तोड़ ले उड़े नकदी-जेवर
