एरिया 6 में बसंत का उल्लास: दो दिवसीय महोत्सव में संस्कृति, स्वाद और संगम का रंग

चित्तरंजन। एरिया-6 में दो दिवसीय बसंत उत्सव पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। चित्तरंजन के एरिया 6 कम्युनिटी हॉल मैदान में आयोजित इस दो दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 30 स्टॉलों पर सजे लजीज व्यंजन और आकर्षक परिधानों ने आगंतुकों का ध्यान खींचा।मंच पर क्षेत्र की पांच प्रतिष्ठित संस्थाओं के लगभग 250 कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। मल्लार-शिवांगी समूह, सुदेष्णा डांस एकेडमी, कला मंदिर, नृत्यांगन नृत्यकला मंदिर और नृत्य कुंज के कलाकारों ने विविध रंगों से सजे कार्यक्रमों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।उद्घाटन अवसर पर चिकित्सक डॉ. अशोक चक्रवर्ती और डॉ. टुलु चक्रवर्ती, चित्तरंजन थाना प्रभारी इस्माइल अली, समाजसेवी उद्यमी तपु तिवारी तथा श्रमिक नेता राजीव गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने एरिया-6 कमिटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।एरिया 6 के वाइस वार्डन बप्पा कुंडु ने बताया कि आगामी दुर्गोत्सव 75वें वर्ष में प्रवेश करेगा, जिसे ऐतिहासिक बनाने के लिए सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को और विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि परंपरा की यह धारा आने वाली पीढ़ियों तक यूं ही प्रवाहित होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *