निष्पक्ष मतदान पर प्रशासन की पैनी नजर, डीसी–एसपी ने किया बूथों का औचक निरीक्षण

जामताड़ा। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद ने पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता के साथ जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय श्रीरामपुर, झारखंड राज्य विद्युत भवन, व्यापार मंडल भवन, बाउरीपाड़ा, सहाना, गायछंद तथा मिहिजाम के मध्य विद्यालय हलुदकनाली सहित कई बूथों का भ्रमण किया। उपायुक्त ने पीठासीन पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं को विशेष सहयोग देने तथा 100 मीटर की निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।एसपी ने सुरक्षा बलों को सतर्क रहकर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत तथा मिहिजाम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *