संवाददाता, नाला (जामताड़ा)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नाला प्रखंड के पीडब्ल्यूडी मैदान में भव्य शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गोपालपुर मैदान से बैंड बाजे और नारों के साथ निकाली गई विशाल रैली से हुई, जो नाला बाजार का भ्रमण करते हुए जनसभा में तब्दील हो गई। रैली का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कन्हाई चंद्र माल पहाड़िया ने किया।समारोह में मुख्य अतिथि वर्धमान जिला सचिव सह राष्ट्रीय परिषद सदस्य तापस सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र राम रहे। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक आदिवासी नृत्य, ढोल नगाड़ों और फूलों की बौछार से किया गया। पार्टी ध्वजारोहण कामरेड अनिल माजी ने किया, वहीं दिवंगत साथियों को लाल सलाम अर्पित किया गया।अपने संबोधन में तापस सिन्हा ने केंद्र और राज्य सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए मनरेगा, रोजगार, श्रमिक अधिकार और आदिवासी हितों की मजबूती की बात कही। राजेंद्र राम ने कहा कि लाल झंडा विश्वभर में शोषण के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है।कार्यक्रम में गौर रवानी, पशुपति कोल, मिहिर मंडल, विमल कांति घोष, काली पद राय, गोपीनाथ घोष, सनोहरी हेंब्रम, अहिल्या माल पहाड़िया, सुरेश दास, आनंद मंडल, सुदन मुर्मू सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लाल झंडे के साए में गूंजा नाला, सीपीआई के शताब्दी समारोह में दिखा संघर्ष का जोश
