नन्हे जिम्नास्टों की उड़ान ने रचा इतिहास, चित्तरंजन में दो दिवसीय जिला चैंपियनशिप का भव्य समापन

चित्तरंजन। चित्तरंजन स्थित जिम्नास्टिक हॉल रविवार को उस समय उल्लास और गर्व से सराबोर नजर आया, जब वेस्ट बंगाल जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय बर्दवान जिला अंडर-10 बालक एवं बालिका जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का शानदार समापन हुआ। इस आयोजन ने खेल प्रतिभाओं के मंच पर चित्तरंजन की पहचान को और मजबूत किया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) के महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता एवं विमेंस वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की अध्यक्षा अनिता गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजकों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर उत्साह साफ झलक रहा था।अपने संबोधन में महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि जिम्नास्टिक जैसे खेल बच्चों में शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक संतुलन, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत कर राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।यह प्रतियोगिता चित्तरंजन के पूर्व जिम्नास्ट एवं अंतरराष्ट्रीय जज स्वर्गीय तपन ओझा की स्मृति को समर्पित रही। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन उनके खेल जगत में दिए गए अतुलनीय योगदान के प्रति श्रद्धांजलि है। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के 20 जिलों से आए करीब 180 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया, जबकि निष्पक्ष निर्णय के लिए 12 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी जजों की टीम मौजूद रही।मौके पर बर्दवान जिला जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित मजूमदार, उपाध्यक्ष मलय घोष, सचिव तन्मय ओझा, सहायक सचिव स्वरूप बिस्वास, कोषाध्यक्ष सुजय दास, प्रतियोगिता निदेशक प्रलय बनर्जी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और अभिभावक उपस्थित थे। आयोजन ने यह संदेश दिया कि चित्तरंजन भविष्य के खेल सितारों की मजबूत नर्सरी बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *