आम बागवानी में फूलों की खुशबू: कुंडहित में इंटरक्रॉपिंग देख गदगद हुए उपविकास आयुक्त

कुंडहित (जामताड़ा)। प्रखंड के बरमसिया मौजा में शुक्रवार को उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब उपविकास आयुक्त निरंजन कुमार ने बिरसा मुंडा आम बागवानी का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आम के पौधों के बीच खाली पड़ी जमीन पर किसानों द्वारा सामूहिक रूप से की जा रही फूलों एवं सब्जियों की इंटरक्रॉपिंग खेती को देखकर डीडीसी काफी प्रभावित नजर आए।फूलों से लहलहाते खेतों को देखकर उपविकास आयुक्त ने किसानों की सराहना की और कहा कि आम के साथ फूल, सब्जी एवं भविष्य में मधुमक्खी पालन को जोड़कर किसानों की आमदनी को और बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से महिला किसानों से संवाद करते हुए फूलों की बिक्री, बाजार उपलब्धता, मूल्य निर्धारण और आ रही समस्याओं की जानकारी ली।डीडीसी निरंजन कुमार ने आश्वासन दिया कि बेहतर और उन्नत खेती के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 एकड़ में विकसित इस बिरसा मुंडा आम बागवानी को भविष्य में मनरेगा पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि अन्य मनरेगा लाभुक किसान यहां आकर इंटरक्रॉपिंग की तकनीक से प्रेरणा ले सकें।इस अवसर पर बीडीओ जमाले रजा, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी विद्युत मुर्मू, सहायक अभियंता संदीप सोरेन, वकील मुर्मू, मुखिया विमला हांसदा, बीएफटी मनसा मरांडी, अनंत मंडल सहित कई लाभुक किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *