संवाददाता, नाला (जामताड़ा)। संथाल समुदाय का पारंपरिक बाहा पर्व नाला प्रखंड के जानुमडीह समेत आसपास के गांवों में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व की शुरुआत गांव स्थित जाहेरथान में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। पारंपरिक नाईकी बाबा ने अनुष्ठान संपन्न कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की।पूजा के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे को पलाश और सखुआ के फूल लगाकर त्योहार का शुभारंभ किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की थाप पर पुरुषों और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सामूहिक नृत्य-गीत प्रस्तुत किए। उत्सव के दौरान परंपरा के अनुसार एक-दूसरे पर पानी की बौछार कर होली का आनंद लिया गया।समाज के पदधारकों ने कहा कि बाहा पर्व आपसी एकता, सामुदायिक भाईचारे और पूर्वजों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस अवसर पर वकिल हांसदा, सनातन हांसदा, महेश्वर मरांडी, जयश्वर हांसदा, मिठुन टुडू, शिवलाल टुडू, मिठुन मरांडी, नुनूलाल सोरेन, मुलिंद मरांडी और उद्देश्वर टुडू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सामूहिक प्रार्थना और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
पलाश की महक और परंपरा की गूंज: नाला के जानुमडीह में उल्लास से मनाया गया बाहा पर्व
